खिलाड़ियों के लिये कम न होंगे संसाधन – श्री चौहान

साई केन्द्र भोपाल में हुआ प्रदर्शन हॉकी मैच
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज भारतीय खेल प्राधिकरण के भोपाल के निकट बिसनखेड़ी स्थित मध्य क्षेत्र केन्द्र पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हॉकी सहित जूडो, जल क्रीड़ा, बॉक्सिंग और कैनोईंग एवं क्याकिंग के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश में संसाधनों की कमी महसूस नहीं होने दी जायेगी। खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दें
और व्यवस्थाओं से संबंधित चिंता सरकार के लिये छोड़ दें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य पुरूष हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों और महिला हॉकी खिलाड़ियों के मध्य हुए प्रदर्शन मैच देखा। ये महिला खिलाड़ी आगामी अक्टूबर में होने वाले कामनवेल्थ खेलों के लिये प्रशिक्षण लेने साई, भोपाल में आई हुई हैं। मैच में महिला हॉकी दल 1-0 से विजयी रहा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय खेल हॉकी की पुरानी गरिमा और गौरव लौटाने के लिये वे निरंतर प्रयास कर रहे हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम को भविष्य में भी राज्य सरकार आवश्यक सहयोग करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अर्जेन्टाइना विश्व कप हॉकी में महिला हॉकी टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी। श्री चौहान ने भारतीय खेल प्राधिकरण के भोपाल केन्द्र में प्रशिक्षण ले रहे अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी चीन में होने वाले एशियाई खेलों एवं अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने के लिये शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन स्तर भी श्रेष्ठ होता जा रहा है। राज्य के खेल बजट में कई गुना वृद्धि की गई है। कार्यक्रम का संचालन श्री दामोदर आर्य ने किया। प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक श्री आर.के. नायडू ने आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, खेल संचालक श्री संजय चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुराग जैन एवं अनेक पूर्व खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक इस मौके पर उपस्थित थे।

खेल प्रतिभाओं का सम्मान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्राधिकरण परिसर में जल क्रीड़ा की अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक ब्रिनाने रिट गेब्रिलिया, जूडो कोच श्री रेनान लेव्या, श्री जोजेफ बरीना एवं सुश्री मारलेने नाइकर सहित द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित तीन प्रशिक्षकों श्री अनूप कुमार (बॉक्सिंग), श्री यू.आर. अभ्यन (क्याकिंग) एवं श्री एम.पी. कौशिक (हॉकी) का सम्मान किया। श्री चौहान ने इसके साथ ही अर्जुन अवार्डी महिला हॉकी खिलाड़ी सुश्री ममता खरब, विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता सुश्री एन. ऊषा, अर्जुन अवार्डी बाक्सर सुश्री सरिता देवी, चार बार विश्व चैम्पियन रहीं राजीव गांधी खेल रत्न अवार्डी-2009 सुश्री एम.सी. मेरीकोम, सुश्री जेनी आर.एल., एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता एथलीट श्री जेम्स, श्री अमरजीत सिंह और श्री गुरदीप सिंह का भी सम्मान किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदर्शन मैच के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

टिप्पणी करे